नालंदा: CM नीतीश के कार्यक्रम में धमाका, महज 15 फीट की दूरी पर हुआ विस्फोट, 1 गिरफ्तार

बिहार के नालंदा जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम में धमाका हुआ है. दरअसल जिले के सिलाव के गांधी हाईस्कूल में नीतीश कुमार का संवाद कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान किसी ने पटाखा बम फोड़ दिया. सीएम नीतीश कुमार से महज 15 से 20 फीट की दूरी पर यह बम फूटा. धमाके के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया. पुलिस ने इस मामले पर तेज कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया है. हालांकि अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. बताया जा रहा है कि जब सीएम का संवाद कार्यक्रम चल रहा था. उसी दौरान मंच के पीछे खेत में बम फोड़ने की घटना हुई है. आज यानि की मंगलवार को संवाद कार्यक्रम के तहत सीएम नीतीश कुमार सबसे पहले पावापुरी गये थे. वहां से सिलाव होते हुए उन्हें राजगीर जाना है. इसी क्रम में सिलाव गांधी हाईस्कूल में उनका कार्यक्रम था. जहां यह घटना हुई है. सीएम पंडाल में बैठे करीब ढाई सौ लोगों से मिलकर उनके आवेदन ले रहे थे.
बम फोड़ने वाली युवक की पहचान नालंदा के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के सत्यारगंज के रहने वाले 22 वर्षीय शुभम आदित्य के रूप में हुई है. पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. युवक के पास से पटाखा और माचिस मिली है. गिरफ्तार युवक के मुताबिक सीएम उसकी बात नहीं सुन रहे थे इसलिए उनका ध्यान आकर्षित कराने के लिए हमने पटाखा फोड़ा है. युवक बीएससी स्नातक कॉलेज इस्लामपुर में पढ़ाई कर रहा है.

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने