प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 15 महिलाओं को स्वीकृति पत्र, पांच लाभुकों को गृह प्रवेश की चाबी

केनगर। केनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित सद्भावना सभागार में गुरुवार को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख सरिता सरोज, उप प्रमुख विजय मिस्त्री, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री सदस्य सुबोध मेहता एवं बिठनौली पश्चिम पंचायत के मुखिया शुशील उर्फ बमबम महतो के संयुक्त नेतृत्व में बीडीओ मनीष कुमार ने लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र, गृह प्रवेश की चाबी एवं विभागीय मंत्री का शुभकामना संदेश पत्र वितरित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत नवनिर्वाचित 15 महिला लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। वहीं, आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने वाली पांच महिला लाभुकों को गृह प्रवेश के लिए चाबी और विभागीय मंत्री का शुभकामना संदेश पत्र दिया गया। गृह प्रवेश की चाबी पाने वाली पांच लाभुकों में गोकुलपुर पंचायत क्षेत्र की दो तथा बिठनौली पश्चिम पंचायत क्षेत्र की तीन महिलाएं शामिल रहीं। इसी प्रकार स्वीकृति पत्र पाने वाली 15 महिलाओं में गोकुलपुर पंचायत की नौ तथा बिठनौली पश्चिम पंचायत की छह महिलाएं शामिल थीं।

कार्यक्रम की शुरुआत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री के शुभकामना संदेश से हुई। सभागार में मौजूद लाभुकों एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का संदेश सुना। इसके बाद बीडीओ मनीष कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत लाभुकों को मिलने वाली आर्थिक सहायता एवं योजना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

बीडीओ ने बताया कि आवास निर्माण के लिए लाभुकों को तीन किस्तों में 40-40 हजार रुपये, यानी कुल 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके अतिरिक्त मनरेगा के तहत स्वयं लाभुक को पारिश्रमिक के रूप में 18 हजार रुपये दिए जाने का प्रावधान है। उन्होंने लाभुकों से आवास निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने तथा योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से उठाने की अपील की।

इस अवसर पर बिठनौली पश्चिम पंचायत के मुखिया शुशील उर्फ बमबम महतो ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए करीब 900 लाभुकों की जियो टैगिंग का कार्य किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चयनित लाभुकों को आवास योजना का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाएगा।

वहीं, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री सदस्य सुबोध मेहता ने लाभुकों को जागरूक करते हुए कहा कि आवास योजना के तहत मिलने वाली राशि किसी भी बिचौलिये को नहीं देनी है। यदि कोई बिचौलिया योजना का लाभ दिलाने के नाम पर परेशान करता है या राशि की मांग करता है तो इसकी शिकायत प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, उन्हें अथवा सीधे बीडीओ मनीष कुमार से करने की अपील की।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आवास योजना के लाभुकों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान लाभुक महिलाओं में भी उत्साह देखा गया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने