गंगेली पंचायत में 1 सितंबर को लगेगा सहयोग शिविर, बीडीओ ने जनप्रतिनिधियों से की जागरूकता की अपील

हरदा। केनगर प्रखंड के गंगेली पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनीष कुमार पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मियों के साथ बैठक कर आगामी 1 सितंबर को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर को लेकर आवश्यक जानकारी दी और आम लोगों को शिविर के प्रति जागरूक करने की अपील की।

बीडीओ मनीष कुमार ने बताया कि सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से पंचायत क्षेत्र के लोगों की विभिन्न समस्याओं एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित मामलों का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्र में आमजनों को शिविर की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक लोगों को इसमें पहुंचने के लिए प्रेरित करने को कहा।

पंचायत की मुखिया मुन्नी देवी ने भी सभी वार्ड सदस्यों एवं पंचायतवासियों से सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि नल-जल योजना, गली-नाली, बिजली, हरियाली मिशन, नया राशन कार्ड बनवाने, राशन कार्ड में वंचित लाभार्थियों का नाम जुड़वाने, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान शिविर के माध्यम से कराया जा सकेगा।

मुखिया ने कहा कि जिन लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी हो रही है या किसी योजना से वंचित हैं, वे आवश्यक कागजात के साथ सहयोग शिविर में पहुंचकर संबंधित विभाग के स्टॉल पर अपनी समस्या दर्ज कराएं।

इस अवसर पर पंचायत सरकार भवन में मुखिया मुन्नी देवी, सरपंच सुधीर कुमार सिंह, कार्यपालक सहायक आशुतोष कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक अवधेश कुमार उर्फ डबलू यादव, उपमुखिया सीमा देवी, पीआरएस संजय कुमार, अनिल कुमार सिंह, वार्ड सदस्य अनुज कुमार भारती, मणिकांत मंडल, रवींद्र शर्मा सहित पंचायत के तमाम वार्ड सदस्य एवं पंच उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने