हत्या के बाद चूनापुर मुसहरी में शोक और आक्रोश, सांसद पप्पू यादव ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

पूर्णिया: नगर प्रखंड अंतर्गत बनभाग पंचायत के चूनापुर मुसहरी टोला निवासी रंजय ऋषिदेव की हत्या के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मृतक के परिजनों से मिलने उनके आवास पहुंचे और परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान सांसद ने पीड़ित परिवार को अपनी ओर से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में वे परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। सांसद ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी गरीब परिवार के कमाऊ सदस्य की हत्या केवल एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि पूरे परिवार के भविष्य पर गहरा आघात है। उन्होंने प्रशासन से मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की। सांसद ने स्पष्ट कहा कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों का मनोबल तभी टूटेगा जब कानून का भय स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। सांसद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मामले को लेकर आंदोलनात्मक कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने पूर्णिया और सीमांचल क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग करते हुए कहा कि गरीब, दलित और वंचित समाज के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सांसद के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की और प्रशासन से न्याय की उम्मीद जताई। इस मौके पर बनभाग मुखिया मो. असफाक, सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, दिवाकर चौधरी, हरिश चौधरी, ई. गौरी शंकर समेत कई लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने