पूर्णिया जिले के केनगर प्रखंड मुख्यालय में पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों के तहत प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर प्रपत्र-01 का प्रारूप प्रकाशन 4 मई 2026 को कर दिया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आशिष कुमार ने बताया कि निर्वाचन क्षेत्रों के निर्धारण के लिए वर्ष 2011 की जनसंख्या को आधार बनाकर डेटा एंट्री की गई है। प्रपत्र-01 में सामान्य जनसंख्या के साथ-साथ अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) की जनसंख्या का भी विवरण शामिल किया गया है।
प्रकाशन के साथ ही दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने के लिए संशोधित समय-सारणी भी जारी कर दी गई है, ताकि आमजन निर्धारित अवधि के भीतर अपनी आपत्तियां या सुझाव प्रस्तुत कर सकें।
संशोधित समय-सारणी इस प्रकार हैः
प्रपत्र-1 का प्रारूप प्रकाशन: 04.05.2026
आपत्तियाँ दाखिल करने की अवधि: 04.05.2026 से 18.05.2026 तक
आपत्तियों का निष्पादन: 04.05.2026 से 22.05.2026 तक
अपील वादों का निष्पादन: 11.05.2026 से 29.05.2026 तक
प्रपत्र-1 का अंतिम प्रकाशन: 05.06.2026
जिला गजट में प्रकाशन: 09.06.2026
प्रखंड प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे प्रकाशित प्रपत्र-01 का अवलोकन करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति हो तो निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन देकर सुधार प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
Tags
न्यूज़