बकरी द्वारा फसल चरने के विवाद में किशोर पर जानलेवा हमला, गला रेतकर किया गंभीर रूप से घायल हालत नाजुक


केनगर (पूर्णिया)। केनगर प्रखंड अंतर्गत मरंगा थाना क्षेत्र के कामाख्या ओपी के सहारा पंचायत स्थित माखनहा पार गांव में शनिवार की देर शाम एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में लगी फसल को बकरी द्वारा नुकसान पहुंचाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। इस दौरान एक व्यक्ति ने 16 वर्षीय किशोर पर धारदार हथियार से हमला कर उसका गला काट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार माखनहा पार गांव निवासी बबलू शर्मा (30 वर्ष), पिता श्यामल शर्मा ने अपने खेत में ढैंचा की फसल लगा रखी थी। शनिवार की शाम गांव के ही सुबोध शर्मा के 16 वर्षीय पुत्र दीपक शर्मा की बकरियां उक्त खेत में घुस गईं, जिससे फसल को नुकसान पहुंचा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर बबलू शर्मा ने आपा खो दिया और धारदार हथियार से दीपक शर्मा के गले पर जानलेवा वार कर दिया। हमले के बाद किशोर गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर ही गिर पड़ा। उसके गले से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, जिससे उसकी स्थिति नाजुक हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कामाख्या ओपी प्रभारी राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल किशोर को उपचार के लिए पूर्णिया जीएमसीएच पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

इधर, घायल किशोर की फुआ सुनीता देवी के बयान पर मरंगा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक मामूली विवाद को लेकर इस प्रकार की हिंसक घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने