मुहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

चम्पानगर, पूर्णिया। आगामी मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर रविवार दोपहर बाद चम्पानगर थाना क्षेत्र के पोठिया रामपुर पंचायत स्थित रामपुर गांव निवासी एवं पंचायत सरपंच मो. जावेद अख्तर के आवास परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, अखाड़ा समिति के सदस्यों तथा विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लेकर पर्व के सफल आयोजन पर चर्चा की।

बैठक की अध्यक्षता सदर एसडीपीओ टू डॉ. गौरव ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी ताजिया एवं जुलूस पुलिस प्रशासन द्वारा निर्गत लाइसेंस तथा निर्धारित रूट के अनुसार ही निकाले जाएंगे। जुलूस में डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक नारेबाजी या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जाएगी।

एसडीपीओ ने कहा कि सभी जुलूस निर्धारित मार्ग से ही गुजरेंगे और सार्वजनिक सड़कों को अनावश्यक रूप से बाधित नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष अनुपम राज ने कहा कि प्रत्येक लाइसेंसधारी व्यक्ति पूरे जुलूस के दौरान उपस्थित रहेगा तथा पुलिस अथवा दंडाधिकारी द्वारा मांगने पर लाइसेंस प्रस्तुत करेगा। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या विवाद की स्थिति में संबंधित अखाड़ा समिति की जवाबदेही तय की जाएगी। सभी आयोजकों से प्रशासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी अखाड़ों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

बैठक में अपर थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर राय, पुलिस पदाधिकारी वीर विक्रम, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुनील मेहता, नगर पंचायत चम्पानगर के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि निर्भय कुमार सिंह, मुखिया मो. रियाज सहित दर्जनों गणमान्य लोग एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने