केनगर/पूर्णिया। मोहर्रम जुलूस के दौरान गोकुलपुर चौक पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में पता चला है कि अनियंत्रित हाइवा ट्रक का चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
कृत्यानंद नगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने बताया कि 25 जून को मोहर्रम जुलूस के दौरान हुई दुर्घटना के बाद हिरासत में लिए गए हाइवा चालक अजय कुमार (23 वर्ष) का मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच रिपोर्ट में अत्यधिक शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे यातायात पुलिस, पूर्णिया के हवाले कर दिया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार आरोपी चालक अजय कुमार, जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र के इटहरी गांव निवासी हीरा लाल शर्मा का पुत्र है।इलाज के दौरान हुई थी युवक की मौत
गौरतलब है कि 25 जून 2026 की दोपहर कृत्यानंद नगर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर चौक स्थित पूर्णिया-सहरसा एनएच-107 पर मोहर्रम जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ट्रक (बीआर-43 जीए-4993) ने केनगर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर पंचायत वार्ड संख्या-13 निवासी मो. साकिब के 25 वर्षीय पुत्र मो. रईस को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल रईस को इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद अनियंत्रित हाइवा ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन को भी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद घंटों जाम, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने शव को एनएच-107 पर रखकर सड़क जाम कर दिया था। सूचना मिलते ही केनगर सहित चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सदर टू एसडीपीओ डॉ. गौरव कुमार, एसडीएम श्वेतम दीक्षित के नेतृत्व में केनगर बीडीओ आशीष कुमार, सीओ दिवाकर कुमार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
परिजनों को मिली सरकारी सहायता
प्रशासन ने मौके पर ही मृतक के आश्रितों को राष्ट्रीय आपदा सहायता योजना के तहत 4 लाख रुपये तथा पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया।
इस घटना ने एक बार फिर शराब पीकर वाहन चलाने की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।