केनगर में सेवानिवृत्त लेखापाल अधिकारी के घर चोरी, 30 हजार रुपये नगद ले उड़े अज्ञात चोर


केनगर (पूर्णिया)। केनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत परोरा पंचायत के वार्ड संख्या-16 में शुक्रवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक सेवानिवृत्त लेखापाल अधिकारी के घर को निशाना बनाते हुए करीब 30 हजार रुपये नगद सहित कई जरूरी दस्तावेजों की चोरी कर ली। चोरी की इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल है।

पीड़ित गृहस्वामी एवं सेवानिवृत्त लेखापाल अधिकारी अरूण कुमार चौधरी ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब एक बजे वह अपने आवासीय घर में गहरी नींद में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने घर के ग्रिल में हाथ डालकर दरवाजे की कुंडी खोल ली और कमरे के अंदर प्रवेश कर गया।

गृहस्वामी के अनुसार, चोर कमरे में रखे एक लोहे के चदरे वाले बक्से, कैरी बैग और एक फुलपेंट को लेकर फरार हो गया। फुलपेंट में एटीएम कार्ड, वाहन का डिजिटल ओनरबुक, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य जरूरी कागजात और नगदी रखी हुई थी।

उन्होंने बताया कि चोर के बार-बार कमरे में आने और सामान तलाशने की आहट से उनकी नींद खुल गई। जब उन्होंने बिस्तर से उठकर शोर मचाना शुरू किया तो कमरे में मौजूद चोर तेजी से बाहर निकलकर भाग गया। गृहस्वामी ने चोर को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

भाई के घर के दरवाजे की भी बाहर से लगा दी कुंडी

पीड़ित ने बताया कि चोरों ने चोरी के दौरान सुरक्षा का भी ध्यान रखा था। गृहस्वामी के भाई के मकान के दरवाजे में बाहर से कुंडी लगा दी गई थी, ताकि घटना के दौरान शोर सुनकर भी वे बाहर निकलकर मदद के लिए मौके पर नहीं पहुंच सकें।

चोर के भागने के बाद गृहस्वामी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर वहां से फरार हो चुके थे।

खेत में मिला चोरी का सामान

शनिवार की सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित बालुवाही बहियार के खेत में गृहस्वामी को चोरी किया गया लोहे का बक्सा, कैरी बैग और फुलपेंट पड़ा मिला। इनमें रखे एटीएम कार्ड, वाहन संबंधी कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेज भी सुरक्षित मिले।

गृहस्वामी ने बताया कि चोरों ने चोरी के दौरान चाबी के गुच्छे भी अपने साथ ले लिए थे। इसी वजह से बक्से और कैरी बैग को तोड़ने की जरूरत नहीं पड़ी। हालांकि, उसमें रखे करीब 30 हजार रुपये नगद चोर लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की सूचना मिलने के बाद शनिवार सुबह केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चोरों द्वारा खेत में फेंके गए सामान के स्थान का भी जायजा लिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि गृहस्वामी की ओर से अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चोरी की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्ती बढ़ाने और क्षेत्र में सक्रिय चोरों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने