केनगर (पूर्णिया)। चम्पानगर थाना क्षेत्र के पोठिया रामपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-07 स्थित रामपुर गांव में आपसी पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव निवासी मो. मोजिदुर रहमान के पुत्र मो. अब्दुल अजीज ने अपने ही दो सगे भाइयों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने चम्पानगर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय, सुरक्षा एवं आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित मो. अब्दुल अजीज के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे उनके भाई मो. अशरफ आलम एवं मो. अहद अंसारी उर्फ अफजल, दोनों पिता मो. मोजिदुर रहमान, धारदार हथियार लेकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने बिना किसी कहासुनी के उन पर हमला कर दिया और दबिया व छुड़ा से सिर पर कई वार किए, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे बेहोश होकर गिर पड़े।
पीड़ित का आरोप है कि बेहोश होने के बाद दोनों आरोपियों ने उन्हें मृत समझकर घसीटते हुए एक कमरे में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद होश आने पर उन्होंने अपने मोबाइल से डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, कमरे का दरवाजा खोलकर उन्हें खून से लथपथ अवस्था में बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केनगर भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया।
घटना के समय पीड़ित की पत्नी अपने मायके गई हुई थीं। उन्होंने बताया कि पूरी घटना उनके मासूम बच्चों के सामने हुई, जिससे बच्चे भयभीत और सदमे में हैं।
पीड़ित ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके दोनों भाई कथित रूप से स्मैक एवं कोडीन के अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। उनका कहना है कि वह लंबे समय से इस कथित कारोबार का विरोध करते रहे हैं और इसी कारण दोनों भाई उनसे रंजिश रखते थे। इसी रंजिश में उन पर जानलेवा हमला किया गया।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2024 में भी दोनों आरोपियों ने उनकी पत्नी के साथ मारपीट की थी। इस संबंध में कांड संख्या-5217/2024 दर्ज है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी लगातार उस मुकदमे को वापस लेने और समझौता करने का दबाव बना रहे थे तथा जान से मारने की धमकी भी देते रहे हैं।
लगातार मिल रही धमकियों और ताजा हमले के बाद पीड़ित ने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, चम्पानगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि मामले में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल आरोपित पक्ष का बयान सामने नहीं आया है, इसलिए जांच पूरी होने तक मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्षता से पड़ताल की जा रही है।