बिठनौली पश्चिम व पूरब पंचायत में जन सहयोग शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान

केनगर। केनगर प्रखंड के बिठनौली पश्चिम एवं बिठनौली पूरब पंचायत में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जन सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। बिठनौली पश्चिम पंचायत में आयोजित शिविर का बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह, जिलाधिकारी अंशुल कुमार, एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन एवं डीडीसी अंजनी कुमार ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री एवं अधिकारियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा वहां ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन की जानकारी ली। अधिकारियों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से सीधे संवाद भी किया।

जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जन सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय स्थानीय स्तर पर ही विभिन्न सेवाओं और समस्याओं के समाधान की सुविधा मिल रही है।

इस अवसर पर भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में जनता दरबार के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सुना जाता था। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जन सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं और आवश्यकताओं के समाधान के लिए सहयोग पोर्टल भी बनाया गया है।

मंत्री ने कहा कि जन सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। केनगर के बीडीओ मनीष कुमार ने बताया कि बिठनौली पूरब पंचायत में कुल 620 लोग शिविर में पहुंचे। इनमें से 190 लोगों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन दिया, जिनमें 168 आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन कर दिया गया। वहीं बिठनौली पश्चिम पंचायत में कुल 560 लोग शिविर में पहुंचे, जिसमें 246 लोगों ने आवेदन दिया और इनमें से 182 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, प्रमाण-पत्र, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास सहित अन्य सेवाओं से संबंधित जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर डीआरडीए डायरेक्टर अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, बीडीओ मनीष कुमार, सीओ अजीत कुमार झा, आरओ भवेश कुमार सिंह, सीडीपीओ अमृता वर्मा सहित प्रखंड एवं अंचल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

जन सहयोग शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में आवेदनों का मौके पर निष्पादन होने से ग्रामीणों में भी संतोष देखा गया। अधिकारियों ने कहा कि आगे भी ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का प्रयास जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने