केनगर। बिठनोली पूरब पंचायत में पंचायत सरकार भवन निर्माण की कवायद एक बार फिर तेज हो गई है। भवन निर्माण के लिए गुरुवार को केनगर अंचलाधिकारी अजीत कुमार झा, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार, राजस्व अधिकारी भवेश कुमार एवं प्रखंड पंचायतीराज पदाधिकारी चन्द्रदेव कुमार ने केनगर बंधन बैंक के सामने स्थित बिहार सरकार की भूमि का निरीक्षण किया।
अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की स्थिति एवं पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए उसकी उपयुक्तता का जायजा लिया। बताया गया कि बिठनोली पूरब पंचायत के लिए पंचायत सरकार भवन निर्माण हेतु बिहार सरकार की उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है। इसी क्रम में बंधन बैंक के सामने स्थित सरकारी भूमि का मुआयना किया गया है।
निरीक्षण के बाद संभावना जताई जा रही है कि यदि भूमि भवन निर्माण के लिए उपयुक्त पाई जाती है, तो इसी स्थल को पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए प्रस्तावित किया जा सकता है। हालांकि, अंतिम निर्णय संबंधित विभाग की जांच एवं स्वीकृति के बाद ही लिया जाएगा।
बताया जाता है कि इससे पूर्व पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए बिठनोली पूरब पंचायत के शिशवा गांव में भूमि का चयन किया गया था। लेकिन चयनित भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद भूमि को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त नहीं कराया जा सका। इसके कारण पंचायत सरकार भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी।
इसी समस्या को देखते हुए अब प्रशासन की ओर से दूसरे उपयुक्त स्थल की तलाश की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को केनगर बंधन बैंक के सामने स्थित बिहार सरकार की भूमि का निरीक्षण किया गया।
नई भूमि के निरीक्षण से बिठनोली पूरब पंचायत में पंचायत सरकार भवन निर्माण की उम्मीद फिर से जगी है। यदि उक्त भूमि निर्माण के लिए उपयुक्त पाई जाती है और विभागीय स्तर से स्वीकृति मिलती है, तो पंचायत को अपना पंचायत सरकार भवन मिलने का रास्ता साफ हो सकता है। इससे पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं एवं विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं का लाभ लेने वाले ग्रामीणों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
Tags
न्यूज़