केनगर (पूर्णिया)। केनगर थाना क्षेत्र की गणेशपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-3 स्थित बैरगाछी गांव में एक विवाहिता की संदेहास्पद मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपित पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले के अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतका के पिता मो. अकीम, निवासी कॉपरेटी बाजार गांव, थाना श्रीनगर (पूर्णिया), ने केनगर थाना में लिखित आवेदन देकर अपनी पुत्री की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की उसके पति मो. अबरार तथा ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने गला घोंटकर हत्या कर दी।
पीड़ित पिता के आवेदन के आधार पर केनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना कांड संख्या 246/26 के तहत पति मो. अबरार एवं अन्य परिजनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली।
केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि मुख्य आरोपित मो. अबरार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी में लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिक एवं साक्ष्य आधारित जांच कर रही है।
इस घटना के बाद बैरगाछी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।