दरअसल विधान परिषद की 24 सीटों पर हो रहे चुनाव में जेडीयू-बीजेपी ने आपस में सीटों का बंटवारा कर लिया. दोनों पार्टियों ने पशुपति पारस की पार्टी के लिए तो एक सीट छोड़ी लेकिन मुकेश सहनी औऱ जीतन राम मांझी को कोई भाव नहीं दिया. मुकेश सहनी ने उसी वक्त ये एलान किया था कि वे अकेले विधान परिषद की 24 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. लेकिन आज मुकेश सहनी की पार्टी ने सिर्फ 7 सीटों पर चुनाव लडने का फैसला लेते हुए उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया. ये सारी सीटें ऐसी हैं जहां बीजेपी के उम्मीदवार मैदान में हैं. वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने बताया कि उनकी पार्टी समस्तीपुर से आदर्श कुमार, बेगूसराय-खगड़िया सीट से जय जय़ राम सहनी, सहरसा-मधेपुरा-सुपौल सीट से चंदन कुमार, सारण से बाल मुकुंद चौहान, रोहतास-कैमुर से गोविन्द बिंद, पूर्णिया-अररिया-किशनगंज से श्यामानंद सिंह औऱ दरभंगा से बैद्यनाथ सहनी को उम्मीदवार बनाया है. जेडीयू को सभी सीटों पर समर्थन
विकासशील इंसान पार्टी यानि वीआईपी ने जेडीयू के सारे उम्मीदवारों को विधान परिषद चुनाव में समर्थन देने का एलान किया है. इसके अलावा वैशाली में पशुपति कुमार पारस के उम्मीदवार भूषण कुमार को भी वीआईपी के समर्थन का एलान किया गया है. दिलचस्प बात ये भी है कि वीआईपी ने बीजेपी के तीन उम्मीदवारों को भी अपना समर्थन देने का एलान किया है. औरंगाबाद में बीजेपी के उम्मीदवार दिलीप कुमार सिंह, गोपालगंज में बीजेपी प्रत्याशी राजीव कुमार और कटिहार में बीजेपी प्रत्याशी अशोक अग्रवाल को मुकेश सहनी की पार्टी ने अपना समर्थन देने का एलान किया है.
अब फैसला तय
खबर हर पल पहले से ही बता रहा है कि बिहार के एनडीए गठबंधन में मुकेश सहनी के भविष्य का फैसला कुछ ही दिनों में होना तय है. सहनी ने उत्तर प्रदेश में बीजेपी के खिलाफ जो मुहिम चलायी थी उसे बीजेपी भूल नहीं पा रही है. मुकेश सहनी लगातार बीजेपी के खिलाफ बयानबाजी भी कर रहे हैं. इसी बीच बिहार की बोचहां विधानसभा सीट पर उपचुनाव सामने आ गया है. इस सीट से वीआईपी पार्टी के विधायक मुसाफिर पासवान थे. उनके निधन से सीट खाली हुई है. ये लगभग तय माना जा रहा है कि बीजेपी ये सीट मुकेश सहनी की पार्टी के लिए अब नहीं छोड़ने जा रही है. कुछ ही दिनों बाद वहां नामांकन शुरू होने जा रहा है. ऐसे में अगले 10 दिनों में बीजेपी को उस सीट को लेकर फैसला ले लेना है. बोचहां सीट को लेकर बीजेपी का फैसला सारी तस्वीर साफ कर देगा.