किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी अभियान –सभी किसानों को मिले किसान क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ

पूर्णिया: जिला समाहरणालय सभागार में आयोजित विशेष जिला स्‍तरीय समन्‍वय समिति की बैठक में बताया गया कि भारत सरकार व कृषि तथा किसान कल्याण मंत्रालय ने किसानो को केसीसी सहित केंद्र सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ प्रदान करने हेतु 24 अप्रैल 2022 से 01 मई 2022 की अवधि में विशेष अभियान “किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी” चलाने का निर्णय लिया है ताकि भूमि तथा पशुपालन हेतु केसीसी जारी होने से वंचित हुये योग्य किसानो को किसान क्रेडिट कार्ड योजना से जोड़ा जा सके। जिला पदाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि इस अभियान के दौरान बैंक बीसी तथा बैंक शाखाओं के माध्यम से किसानो को केसीसी प्रदान करने में सहयोग किया जायेगा। अभियान के प्रभावी क्रियान्‍वयन के लिए सभी बैंको व सहयोगी संस्‍थाओं को अग्रणी जिला प्रबन्धक कार्यालय के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने हेतु  निर्देशित किया गया है।  
कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार ने समस्त प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी करने हेतु 24 अप्रैल 2022 से 01 मई 2022 तक मिशन मोड में बैंको तथा सरकारी संस्‍थाओं  के सहयोग से केसीसी जारी करने हेतु योजना बनाया है। इस अभियान के अंतर्गत देश भर में 07 दिनों में अधिक से अधिक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। जिले में लगभग 2.10 लाख  किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के योग्‍य लाभार्थी है व जिले में अभी तक लगभग 1.13 लाख  किसान क्रेडिट कार्ड जारी किये जा चुके हैं. प्रधानमंत्री किसान सम्‍मान योजना वैसे सभी लाभार्थी जिन्होंने अब तक केसीसी ऋण प्राप्त नहीं किया है 24 अप्रैल 2022 को विशेष ग्राम सभा या अपनी बैंक शाखा से 07 दिनों के अंदर संपर्क करके किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ उठा सकते हैं। जिन किसानों के पास पहले से किसान क्रेडिट कार्ड लिमिट नहीं हैं वे नई किसान क्रेडिट कार्ड लिमिट के लिए भी जमाबंदी रिपोर्ट व फसल ब्योरे के साथ अपने क्षेत्र की बैंक शाखा से संपर्क करे। जिन किसानों के पास फसल ऋण के लिए किसान क्रेडिट कार्ड है, वे पशुपालन और मत्स्य पालन के लिए भी बैंक शाखा में संपर्क कर सकते हैं। उन्होने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसानों को सस्ती दरों पर बैंकों द्वारा कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाता है। जिले के समस्त बैंको को भी निर्देश दिये कि वो इस अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति करें व समस्त प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड लेने के लिए प्रेरित करें। जिले में इस हेतु सभी बैंको के प्रतिनिधियों को बैठक के दौरान निर्देशित किया गया है कि केसीसी जारी करने में कोई देरी नहीं की जाए तथा ज्‍यादा से ज्‍यादा किसानों को केसीसी का लाभ पहॅुचाने के प्रयास करने हेतु वित्‍तीय साक्षरता शिविर का आयोजन करने के साथ ही साथ एसएचजी की मासिक बैठक तथा किसान उत्‍पादक संगठन के पदाधिकारियों के माध्‍यम से जिले के सभी किसानों तक  इस योजना की जानकारी पहॅुचाने के लिए प्रयास किया जाना चाहिए।  किसान क्रेडिट कार्ड योजना के लिए अभियान की शुरुआत 24 अप्रैल 2022 को जिले में विशेष ग्राम सभा आयोजित कर की जाएगी, इस ग्राम सभा में जिन किसानो के पास अभी तक केसीसी नहीं है उन्हें केसीसी कार्ड बैंकों द्वारा प्रदान करने हेतु सहयोग किया जाएगा।  इसके अतिरिक्‍त जिन किसानों के पास कृषि भूमि पर सामान्य केसीसी है और उनकी लिमिट रु.3.00 लाख से कम है तो उनको उनके पास रखे गये पशुओं के आधार पर पशु पालन एवं मत्स्य पालन-केसीसी भी प्रदान करने हेतु सहयोग प्रदान किया जावेगा। साथ ही उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजना जैसे पीएमएसबीवाई, पीएमजेजेवाई, अटल पेंशन योजना आदि से भी जोड़ा जाएगा। इस अभियान में सभी प्रकार के केसीसी प्रदान किए जाएंगे  जैसे - कृषि, डेयरी-पशुपालन एवं मत्स्य पालन केसीसी। 

जिला पदाधिकारी ने सभी किसानों से आह्वान किया है कि जो भी किसान अभी तक केसीसी की सुविधा से वंचित रह गए हैं, वे इस अभियान के तहत अपने ग्राम सचिव, सरपंच, नजदीकी बैंक शाखा से संपर्क कर केसीसी कार्ड बनवाएँ एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओ में भी पंजीकरण करवाएँ।
इस अवसर पर यह भी बताया गया कि इस अभियान के अंतर्गत किसान क्रेडिट कार्ड के आवेदन हेतु एक सरल फॉर्म भी जारी किया गया है जोकि सभी बैंको की वैबसाइट, www.agricoop.gov.in और www.pmkisan.gov.in पर उपलब्ध हैं। जिले के संबन्धित विभागों को भी इस योजना की जानकारी किसानों तक  स्वयं सहायता समूह व ग्राम पंचायत के माध्यम से पहुचाने के लिए निर्देश दिये।  इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा राजस्‍व विभाग को भी किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के आवेदन हेतु उनकी भूमि के रिकार्ड सुगमता से उपलब्ध कराने का निर्देश दिये गये है। इस योजना के विषय में सहायक महाप्रबंधक, नाबार्ड, अमित कुमार द्वारा बताया गया कि किसानों को केसीसी के तहत एक लाख साठ हजार रुपये तक का ऋण बैंकों द्वारा बिना किसी कोलैटरल सेक्यूरिटी के प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए लोन की प्रक्रिया को सरल बना दिया गया है। खास बात यह है कि किसान यदि समय से ऋण चुकता कर देते हैं तो उन्हें तीन लाख रुपये तक का ऋण सिर्फ चार फीसद ब्याज (ब्याज अनुदान सहित) पर मिल सकेगा। उन्होने यह भी बताया की बैंको तथा जिला प्रशासन के सहयोग से 24 अप्रैल 2022 को देशभर में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा ग्राम सभा में उपस्थित किसानों तथा जनप्रतिनिधयों को माननीय प्रधानमंत्री महोदय द्वारा संबोधित कर “किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी” अभियान को प्रारंभ किया जाएगा। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने