केनगर एवं चम्पानगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शराब के साथ दो गिरफ्तार, 7 लोग जेल भेजे गए

पूर्णिया/केनगर: केनगर थाना पुलिस ने क्षेत्र में गश्ती के दौरान कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही शराब ढुलाई में प्रयुक्त एक लग्जरी कार को भी जब्त कर लिया गया।

केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने बताया कि परोरा स्थित विद्या विहार आवासीय विद्यालय के समीप सड़क पर एक भेन्यू कार से 500 एमएल के चार बोतल विदेशी बीयर के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरसी थाना क्षेत्र के चिकनी गांव निवासी सुमित कुमार (28) एवं सिद्धार्थ सन्नी (36) के रूप में हुई है।

वहीं, शराब पीकर हंगामा करने के आरोप में केनगर थाना क्षेत्र से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें झुन्नी इस्तम्ब्रार गांव निवासी मो. जाकिर (26), मीरगंज थाना क्षेत्र के दमैली नासी टोला निवासी सिकंदर कुमार (28), कपिल कुमार (30) एवं जितेंद्र कुमार (19) शामिल हैं।

दूसरी ओर, चम्पानगर थाना पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए चनका पंचायत के वार्ड संख्या-5 निवासी माखन कुमार (23) को नशे की हालत में गिरफ्तार किया।

केनगर और चम्पानगर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार सभी सात आरोपितों को न्यायिक हिरासत में पूर्णिया भेज दिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने