केनगर प्रखंड कार्यालय में पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के प्रथम दिन बुधवार को काझा पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए कुल तीन अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने वालों में काझा बनियांपट्टी निवासी प्रशांत मधुकर, निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष उमेश यादव तथा काझा कोठी हाट बाड़ी निवासी पूर्व पैक्स अध्यक्ष अजय राम शामिल हैं। पहले ही दिन तीन प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक होने के आसार बन गए हैं।
प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ आशीष कुमार ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 9 अप्रैल 2026 निर्धारित है। 10 एवं 11 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी, जबकि 13 अप्रैल को नाम वापसी एवं चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि मतदान 20 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतों की गणना 21 अप्रैल को की जाएगी। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नामांकन के बाद अभ्यर्थियों एवं उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया, जिससे चुनावी माहौल गरमा गया है।
Tags
राजनीति