केनगर थाना पुलिस ने रविवार की संध्या गश्ती के दौरान एक शराब तस्कर को विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना क्षेत्र के बेला रिकावगंज पंचायत स्थित बालू घाट बहियार के समीप एक युवक बोरी में विभिन्न ब्रांड की शराब भरकर मक्का खेत में छिपाने जा रहा था।
पुलिस वाहन को देखते ही युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन संदेह के आधार पर पुलिस ने सुरक्षा बलों के सहयोग से खदेड़कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बोरी से कुल 14.250 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसे जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान बेला रिकावगंज पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित बेला गांव निवासी पंकज यादव के पुत्र टुन-टुन यादव के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद सोमवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Tags
अपराध