पूर्णिया (डगरूआ): थाना क्षेत्र के लदवा ग्राम वार्ड संख्या 13 में एक दंपति के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता मुन्नी खातून (25 वर्ष), पति मो० इरफान आलम, ने डगरूआ थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार, घटना 24 अप्रैल को दिन के करीब 11 बजे की है, जब वह अपने पति के साथ लदवा से डगरूआ जा रही थीं। रास्ते में चमरेला पुल के पास सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो आरोपियों—मो० शहनवाज उर्फ चेंगना (ग्राम उधरना) और मो० सद्दाम (ग्राम मीरा फुलपुर)—ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि दोनों ने पहले उसके पति के साथ बेरहमी से मारपीट की। जब महिला ने बीच-बचाव किया तो उसे भी नहीं बख्शा गया। पीड़िता का कहना है कि एक आरोपी ने उसके बाल पकड़कर घसीटा और कपड़े फाड़ दिए, जिससे वह अर्धनग्न हो गई।
महिला ने बताया कि आरोपियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने स्मैक तस्करी और अवैध हथियारों के कारोबार की सूचना पुलिस को दी थी, इसी शक में हमला किया गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है।
मारपीट में घायल पति बेहोश हो गए, जिनका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डगरूआ और निजी चिकित्सकों के यहां कराया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी इलाके में अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं और दहशत फैलाए हुए हैं।
महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Tags
अपराध