अमौर अंचल नाजिर के असामयिक निधन पर केनगर में शोक सभा आयोजित

केनगर, पूर्णिया |

अमौर प्रखंड में पदस्थापित अंचल नाजिर सूर्य नारायण उरांव के असामयिक निधन पर केनगर प्रखंड परिसर में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आशीष कुमार की अध्यक्षता में प्रखंड एवं अंचल के अधिकारियों और कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

बताया गया कि स्वर्गीय उरांव पूर्व में कृत्यानंद नगर प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड नाजिर के पद पर कार्यरत थे और जुलाई 2025 में स्थानांतरण के बाद अमौर प्रखंड में अंचल नाजिर के पद पर पदस्थापित हुए थे। शोक सभा के बाद बीडीओ आशीष कुमार ने कहा कि दिवंगत नाजिर कर्तव्यनिष्ठ, सौम्य एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। केनगर प्रखंड में उनकी सेवा समर्पण और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण रही।

घटना के संबंध में बताया गया कि मंगलवार, 28 अप्रैल 2026 को अमौर स्थित अपने किराये के आवास से अंचल कार्यालय जाते समय बायसी बस स्टैंड के समीप एक शौचालय में उन्हें अचानक चक्कर आया और वे बेहोश होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें तत्काल निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मृत्यु हृदयाघात (हार्ट अटैक) से हुई बताई जा रही है। वे मधुमेह से भी पीड़ित थे।

अमौर अंचल प्रशासन ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद धमदाहा अनुमंडल अंतर्गत उनके पैतृक गांव धड़हर जमुनिया में अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।

दिवंगत अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र एवं एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने