पूर्णिया:
जिले में स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देश पर एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि PHED को प्राप्त चापाकल मरम्मत के लक्ष्य के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह है कि छोटे बच्चों और स्कूली छात्र-छात्राओं को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल सहज रूप से उपलब्ध हो, ताकि उनके स्वास्थ्य पर कोई नकारात्मक प्रभाव न पड़े।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (ICDS), एडीएमओ तथा PHED के कार्यपालक अभियंता सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को मरम्मत कार्य में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता, विशेषकर बच्चों के स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को लेकर वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।