केनगर में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या मामले में फरार आरोपियों के घर चिपकाया गया इश्तिहार


केनगर (पूर्णिया): केनगर थाना पुलिस ने दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके घरों पर इश्तिहार चिपकाया है। यह कार्रवाई न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर मंगलवार को की गई।

थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने बताया कि थाना कांड संख्या 253/2025 के अनुसंधानकर्ता एसआई उपेन्द्र कुमार के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के गणेशपुर पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित बैरगाछी गांव में आरोपितों के घरों पर इश्तिहार चिपकाया गया।

मामला 10 अक्टूबर 2025 की रात का है, जब बैरगाछी गांव स्थित ससुराल में 30 वर्षीय जुली देवी की कथित रूप से दहेज के लिए गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में ससुर मांगन पासवान, दामाद सेवल पासवान सहित कुल 7 लोगों को आरोपी बनाया गया है।

इस संबंध में मृतका के पिता चंदेश्वरी पासवान, निवासी हाट धनहारा (गोकुलपुर पंचायत, चम्पानगर थाना क्षेत्र) ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अपनी पुत्री की हत्या का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया था।

पुलिस ने बताया कि मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी मांगन पासवान अभी भी फरार है।

थानाध्यक्ष ने कहा कि इश्तिहार के माध्यम से सभी फरार आरोपियों को जल्द से जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है। अन्यथा उनके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने