कृत्यानंद नगर/श्रीनगर (पूर्णिया), सोमवार:
पूर्णिया जिले के कृत्यानंद नगर, श्रीनगर एवं बेसा प्रखंड में मातृ स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। प्रखंड प्रशासन ने संकल्प लिया है कि क्षेत्र की सभी गर्भवती एवं धात्री माताओं को एनीमिया मुक्त बनाया जाएगा।
इसी क्रम में सोमवार को प्रखंड अस्पताल के सभागार में प्रसव कक्ष से जुड़ी सभी एएनएम (ANM) के लिए एफसीएम (FCM) का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिवाकर, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सबा एवं सुनीता कुमारी ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक सुरेंद्र कुमार, निशि कुमारी तथा आलोक वर्मा की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। एएनएम कर्मियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
प्रशिक्षण के दौरान एएनएम को एनीमिया की पहचान, रोकथाम एवं उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई, ताकि वे जमीनी स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित कर सकें।
कार्यक्रम में जिला स्तर से आए पिरामल स्वास्थ्य टीम के विशेषज्ञ—सनत गुहा, याकूब मुजफ्फर एवं अमित शर्मा—द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान एफसीएम के प्रभावी उपयोग, सुरक्षित मातृत्व तथा एनीमिया नियंत्रण के विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रखंड प्रशासन ने विश्वास जताया कि इस पहल से मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को एनीमिया से मुक्ति दिलाने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।
Tags
स्वास्थ्य