पूर्णिया में 14 मई को होगी ‘हवाई हमला एवं ब्लैकआउट’ की बड़ी मॉक ड्रिल सायरन बजते ही बंद होंगी बत्तियां, प्रशासन ने लोगों से की शांत रहने की अपील


सायरन बजते ही बंद होंगी बत्तियां, प्रशासन ने लोगों से की शांत रहने की अपील

पूर्णिया जिले में 14 मई को नागरिक सुरक्षा को लेकर एक वृहद मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत होने वाले इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखना और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाना है।

जानकारी के अनुसार, बिहार के छह नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) जिलों पटना, बेगूसराय, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया एवं कटिहार में यह अर्द्धवार्षिक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। राज्य स्तर पर नागरिक सुरक्षा निदेशालय को इस अभियान का नोडल एजेंसी बनाया गया है, जबकि इसकी तैयारियां आपदा प्रबंधन विभाग की निगरानी में चल रही हैं।

मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले जैसी आपात स्थिति का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा। सायरन बजते ही संबंधित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बंद कर पूर्ण ब्लैकआउट किया जाएगा। इसके लिए विद्युत विभाग के साथ विशेष समन्वय स्थापित किया गया है ताकि अभ्यास वास्तविक परिस्थिति जैसा प्रतीत हो सके।

इस अभ्यास में अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, पुलिस प्रशासन, होमगार्ड, रेड क्रॉस सोसाइटी तथा नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों की विशेष तैनाती रहेगी। विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय, त्वरित कार्रवाई और रिस्पांस टाइम का भी मूल्यांकन किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि 14 मई को सायरन की आवाज, अचानक बिजली कटने या आपातकालीन वाहनों की गतिविधियों को देखकर घबराएं नहीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कोई वास्तविक आपदा नहीं, बल्कि सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जाने वाला पूर्व निर्धारित अभ्यास है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मॉक ड्रिल को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने