पूर्णिया जिले के केनगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 307.38 ग्राम स्मैक, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, केनगर थाना अध्यक्ष अजय कुमार अजनवी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय हैं। सूचना के सत्यापन के बाद थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बिट्टू कुमार (24 वर्ष), पिता विजय दास, निवासी दमगरा मोगलिया पुरैंधा वार्ड संख्या-07 तथा सैनी दास (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय चंदन दास, निवासी मोगलिया पुरैंधा वार्ड संख्या-09, थाना धमदाहा, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 307.38 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
इस कार्रवाई में एसआई रुपाली कुमारी, हरि कुमार, एएसआई वीरेंद्र कुमार, सिपाही अमर कुमार यादव, प्रीआँशु कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को शुक्रवार को पूर्णिया न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
Tags
अपराध