केनगर प्रखंड: सरकार के आह्वान पर आयोजित युद्ध अभ्यास के तहत जन-जागरूकता अभियान और मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान आम लोगों ने अनुशासन और जागरूकता का परिचय देते हुए प्रशासन का भरपूर सहयोग किया। निर्धारित समय के अनुसार पूरे केनगर प्रखंड क्षेत्र में लगभग 15 मिनट तक पूर्ण ब्लैकआउट की स्थिति रही, जिससे यह अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मॉक ड्रिल के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी पूरी तरह सक्रिय नजर आए। उन्होंने क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों से सहयोग की अपील की और ब्लैकआउट के महत्व तथा सुरक्षा से जुड़ी सावधानियों के प्रति जागरूक किया। प्रशासन की अपील का व्यापक असर देखने को मिला, जहां लोगों ने जिम्मेदारी का परिचय देते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन किया।
इस दौरान सड़क पर चल रहे छोटे और बड़े वाहनों के पहिए भी कुछ समय के लिए थम गए। वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियों की हेडलाइट बंद कर दी और वाहनों को सड़क किनारे कतारबद्ध तरीके से खड़ा कर दिया। इससे मॉक ड्रिल के उद्देश्य को सफल बनाने में मदद मिली।
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह के अभ्यास से आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्कता और सुरक्षा उपायों की जानकारी मिलती है। वहीं प्रशासन ने जनता के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि लोगों की सहभागिता और अनुशासन के कारण यह जन-जागरूकता अभियान पूरी तरह सफल रहा।
मॉक ड्रिल के दौरान पूरे क्षेत्र में शांति और अनुशासन का माहौल देखने को मिला, जो नागरिक जिम्मेदारी और सामूहिक जागरूकता का उदाहरण बना। इस मॉक ड्रिल के कार्यक्रम की निगरानी प्रखंड विकास पदाधिकारी आशीष कुमार, अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार, थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी कर रहे थे।
Tags
न्यूज़