केनगर प्रखंड क्षेत्र में वट सावित्री पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर सुबह से ही क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना हुआ है। सुबह करीब 8 बजे से प्रखंड परिसर स्थित शिव मंदिर के समीप लगे वट वृक्ष (बरगद) के पास महिलाओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई और पूजा-अर्चना का सिलसिला प्रारंभ हो गया।
सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर विधि-विधान के साथ वट वृक्ष की पूजा की तथा अपने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। पूजा के दौरान महिलाओं ने व्रत कथा का श्रवण किया और वट वृक्ष के चारों ओर परिक्रमा कर रक्षा सूत्र बांधा। कई महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए पूजा-अर्चना संपन्न की।
इस अवसर पर मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय दिखाई दिया। महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। वट सावित्री पर्व को लेकर बाजारों में भी सुबह से चहल-पहल देखी गई, जहां पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही।स्थानीय लोगों ने बताया कि वट सावित्री पर्व भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे महिलाएं पूरे श्रद्धाभाव और आस्था के साथ मनाती हैं। केनगर प्रखंड क्षेत्र में यह पर्व हर वर्ष सामाजिक और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाता है।
Tags
न्यूज़