19 मई को 14 पंचायतों में लगेगा “सहयोग शिविर”, अभी से आवेदन जमा करने की सुविधा



आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 19 मई 2026 को जिले की 14 चयनित पंचायतों में “सहयोग शिविर” आयोजित किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी शिकायतें एवं सुझाव समय से पहले जमा करें, ताकि शिविर के दौरान त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

यह शिविर राज्य सरकार के निर्देशानुसार तथा “सात निश्चय-3” कार्यक्रम के अंतर्गत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आमजनों को स्थानीय स्तर पर ही प्रशासन तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराना और पारदर्शी व समयबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान करना है।

पहले से जमा कर सकते हैं आवेदन

जिला प्रशासन ने शिविर से पूर्व 30 दिनों तक आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था की है। आम नागरिक अपनी शिकायतों से संबंधित आवेदन संबंधित पंचायत सरकार भवन या पंचायत भवन में जमा कर सकते हैं। इससे प्रशासन को पूर्व तैयारी का अवसर मिलेगा और मामलों का त्वरित निष्पादन संभव हो सकेगा।

शिविर की प्रमुख विशेषताएं

पंचायत स्तर पर निर्धारित रोस्टर के अनुसार शिविर आयोजित होंगे, जहां वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। शिविर में शिकायतों का मौके पर निपटारा या शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही आमजनों के साथ सीधा संवाद भी स्थापित किया जाएगा।

प्रशासनिक तैयारी

प्रत्येक पंचायत के लिए वरीय पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता स्तर के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

इन पंचायतों में लगेगा शिविर

19 मई को पूर्णिया पूर्व (चांदी), केनगर (परोरा), श्रीनगर (चनका), कसबा (लखन), जलालगढ़ (हंसी बैगमपुर), बनमनखी (मोहनिया चकला), बी. कोठी (बड़हरा), भवानीपुर (बडहरी), धमदाहा (मोगलिया पुरंदाहा पूर्व), रुपौली (धूसर टिकापट्टी), अमौर (दलमालपुर), बैसा (सिशाबाड़ी), बायसी (चरैया) और डगरूआ (डगरूआ) पंचायतों में शिविर का आयोजन किया जाएगा।

आमजन से अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने पंचायत में आयोजित “सहयोग शिविर” में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपनी समस्याओं का समाधान सीधे प्रशासन के माध्यम से प्राप्त करें।

संदेश:
“आपदा नहीं है भारी, यदि पूरी है तैयारी। सजग रहें, सतर्क रहें।”

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने