केनगर में ‘सहयोग शिविर’ की शुरुआत, पंचायत स्तर पर ही होगा जन-समस्याओं का समाधान


केनगर (पूर्णिया)। बिहार सरकार के निर्देशानुसार आम जनता की शिकायतों और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निपटारे के लिए अब पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में केनगर प्रखंड के परोरा पंचायत भवन में प्रथम शिविर का आयोजन कर इस अभियान की विधिवत शुरुआत की गई।

जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार स्वयं परोरा पंचायत पहुंचकर शिविर का निरीक्षण किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आशीष कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से वृद्धजनों के जीवन प्रमाणीकरण, राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत भवन स्थित पुस्तकालय और आंगनबाड़ी केंद्र का भी जायजा लिया तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़ी सभी सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हों।

सरकार की इस नई पहल के तहत अब प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत सरकार भवन या चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर ‘सहयोग शिविर’ लगाए जाएंगे। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य राशन, पेंशन, आवास सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निपटारा करना है।

प्रशासन ने जानकारी दी कि आगामी 19 मई से परोरा पंचायत में शिविर की गतिविधियों को और गति दी जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि शिविर स्थल पर पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं आम नागरिकों के लिए उपलब्ध रहें।

इस दौरान केनगर अंचल अधिकारी दिवाकर कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी आतिश सिन्हा, जेई करण कुमार, बीईओ मुकेश वर्मा, स्थानीय सरपंच फिरोजा खातून, प्रतिनिधि तस्लीमुद्दीन सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वार्ड सदस्य मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में वृद्ध महिला-पुरुष अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने