पूर्णिया स्थित गोकुल कृष्ण आश्रम कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस वार्ता आयोजित कर पटना में छात्रों एवं TET अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अफरोज आलम ने कहा कि अपनी जायज़ मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा लंबे समय से शिक्षक बहाली और रोजगार की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय लाठियों से जवाब दे रही है।
उन्होंने बिहार सरकार पर युवाओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि बेरोजगार छात्र अपने भविष्य को लेकर लगातार चिंतित हैं। सरकार को युवाओं की बात सुननी चाहिए और उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करनी चाहिए।
अफरोज आलम ने लाठीचार्ज में घायल छात्रों के समुचित इलाज की मांग करते हुए दोषी पदाधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी तथा अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठाती रहेगी।