पूर्णिया में अपर समाहर्ता द्वारा गुरुवार को दत्तक ग्रहण वाद की सुनवाई की गई। सुनवाई के उपरांत विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, पूर्णिया में आवासित बालक अर्णव (काल्पनिक नाम) को दत्तक ग्रहण विनियम 2022 के तहत चेन्नई, तमिलनाडु के दंपति एन. सेल्वाकुमार एवं एस. वलारमाथी को दत्तक ग्रहण में दिए जाने का आदेश पारित किया गया।
आदेश पारित होने के बाद दत्तक ग्रहण करने वाले माता-पिता के अनुरोध पर बालक अर्णव का नया नाम “वी.एस. अर्जुन” रखा गया। आदेश के साथ ही बालक को जैविक संतान के समान सभी वैधानिक अधिकार प्राप्त हो गए।
दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दत्तकग्राही माता-पिता काफी भावुक और प्रसन्न नजर आए। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि दत्तक ग्रहण संस्थान एवं इसकी प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि परित्यक्त बच्चों को संरक्षण देकर विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में रखा जा सके और केंद्रीय दत्तक ग्रहण प्राधिकरण के माध्यम से उन्हें परिवार मिल सके।
उन्होंने कहा कि इससे निसंतान दंपतियों को भी संतान का सुख प्राप्त होगा। जिला पदाधिकारी ने सभी हितधारकों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
दत्तक ग्रहण आदेश पारित किए जाने के दौरान पुलिस अधीक्षक , सहायक निदेशक अमरेश कुमार, बाल संरक्षण पदाधिकारी विवेक कुमार, प्रियंका कुमारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Tags
समाधान