केनगर: केनगर प्रखंड क्षेत्र के झुंनी इस्तेम्बरार पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित झोआरी घाट गांव में बिजली सुविधा बहाल नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। सोमवार को बिजली से वंचित ग्रामीणों ने केनगर विद्युत आपूर्ति विभाग कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपते हुए जल्द बिजली सेवा शुरू कराने की मांग की। ग्रामीण अनिल मरांडी ने बताया कि वर्ष 2025 में ही गांव में लगभग 22 बिजली के खंभे लगाए गए थे, लेकिन अब तक बिजली तार और ट्रांसफार्मर नहीं लगाए जाने के कारण गांव तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि खंभे लगने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद थी कि जल्द ही बिजली की सुविधा मिल जाएगी, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद बिजली व्यवस्था शुरू नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं रहने से किसानों को सिंचाई (पटवन) में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ग्रामीणों को रात के समय रोशनी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि झोआरी घाट गांव में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। इधर, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता ने कहा कि मामले की स्थल जांच कराई जाएगी तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही गांव में बिजली व्यवस्था सुचारू रूप से शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर रमवशु मुर्मू, कलना मरांडी, पित्थो मराण्डी, शम्भू घटवार, श्यामलाल मुर्मू, देवलाल मरांडी के साथ दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।
Tags
समस्या