नगर पंचायत चम्पानगर के वार्ड संख्या- 8 स्थित वार्ड पार्षद धनी कुमारी के आवास परिसर में सत्संग प्रेमी सुरेन्द्र विश्वास के द्वारा आयोजित दो दिवसीय महर्षि मेंहि संतमत सत्संग का समापन मंगलवार की सुबह श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हो गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर संतवाणी का श्रवण किया तथा भक्ति रस में सराबोर हुए।
आयोजित सत्संग में भागलपुर कुप्पा घाट से पधारे संत दिनेशानंद जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि सृष्टि के समस्त प्राणियों में मनुष्य जीवन सबसे श्रेष्ठ और साधन-संपन्न है। मनुष्य को बोलने, सोचने, लिखने, कार्य करने, मिलजुल कर रहने और नई खोज करने जैसी विशेष क्षमताएं प्राप्त हैं, जिनके बल पर उसने उन्नति की ऊंचाइयों को छुआ है।
उन्होंने कहा कि इतनी सुविधाएं होने के बावजूद लोग दुखी हैं, जिसका मुख्य कारण विचारों, प्रज्ञा, साधना और सद्बुद्धि का परिष्कार नहीं होना है। यदि मनुष्य सही ढंग से सोचना सीख ले, तो इसी जीवन में स्वर्ग जैसी अनुभूति प्राप्त हो सकती है। उन्होंने लोगों से अपनी विचार पद्धति में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।ज्ञात हो कि सोमवार को प्रातःकालीन सत्संग के बाद महाभंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं आयोजित ज्ञान सरोवर में श्रद्धालु आध्यात्मिक ज्ञान की गहराइयों में डूबते नजर आए।
सत्संग कार्यक्रम के दौरान विभिन्न भजन मंडलियों द्वारा एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। कार्यक्रम की सफलता को लेकर विजय विश्वास सहित अन्य स्थानीय लोगों की भूमिका सराहनीय रही।