प्रधान लिपिकों की बैठक में डीएम ने दिए कड़े निर्देश, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर जोर



पूर्णिया, 05 मई 2026:

जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में मंगलवार को महानंदा सभागार, पूर्णिया में प्रधान लिपिकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने रोकड़ पंजी, न्यायालयों में लंबित वाद, CM डैशबोर्ड, CPGRAM तथा सेवांत लाभ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से समीक्षा की और संबंधित प्रधान लिपिकों एवं सहायक प्रशाखा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयों को रोकड़ पंजी अद्यतन रखने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या त्रुटि पाए जाने पर तुरंत जिला स्थापना शाखा को सूचित किया जाए। साथ ही संबंधित अपर समाहर्ता को क्षेत्र भ्रमण कर जनगणना कार्यों का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि जिलाधिकारी जनता दरबार, आयुक्त जनता दरबार एवं CM डैशबोर्ड के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा सभी प्रखंड कार्यालयों में संचालित पंचायत सहयोग शिविर, जनगणना कार्य एवं पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण कार्यों की दैनिक समीक्षा कर गति बढ़ाने का निर्देश दिया गया।

अंचल कार्यालयों को नामांतरण, परिमार्जन, ई-मापी तथा जनता दरबार से संबंधित लंबित मामलों का अविलंब निष्पादन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अंचल अधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता एवं अनुमंडल पदाधिकारी के न्यायालयों में नियमित सुनवाई सुनिश्चित करने तथा जिला विधि शाखा को न्यायालय कार्यों की निगरानी का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालयों के दैनिक कार्यों में आने वाली समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री रवि राकेश, स्थापना उपसमाहर्ता श्री इन्द्रजीत कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने