केनगर प्रखंड के जगनी पंचायत अंतर्गत असरफ नगर गांव स्थित ठाकुरबाड़ी परिसर में पायोनियर कंपनी की ओर से किसान चौपाल का आयोजन किया गया। इसी अवसर पर किसान अवधेश मेहता के खेत में सर्वोत्तम प्रभेद P3532 मक्का फसल कटाई दिवस भी उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर P3532 मक्का के गुण, फायदे और इसकी अधिक पैदावार क्षमता की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का आयोजन पायोनियर कंपनी के क्षेत्रीय प्रतिनिधि संतोष कुमार के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान पायोनियर के टेरिटरी मैनेजर मिथिलेश कुमार ने किसानों को खेत में खड़ी फसल दिखाते हुए P3532 मक्का की विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मक्का के भुट्टे का आकार बेलनाकार और एक समान होता है, जिससे दाने भी समान रूप से विकसित होते हैं और पैदावार अधिक मिलती है।
उन्होंने कहा कि अन्य मक्का किस्मों की तुलना में P3532 मक्का में नमी की मात्रा कम रहती है, जिससे दाने सुखाने की परेशानी नहीं होती और इसकी भंडारण क्षमता भी अधिक होती है। किसानों को फसल कटाई कर वजन के माध्यम से अन्य मक्का किस्मों से तुलना कर भी दिखाया गया।
तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार अन्य मक्का की उपज जहां 46 क्विंटल प्रति एकड़ रही, वहीं P3532 पायोनियर मक्का की उपज 52 क्विंटल प्रति एकड़ दर्ज की गई। यानी अन्य किस्मों की तुलना में लगभग 6 क्विंटल प्रति एकड़ अधिक उत्पादन प्राप्त हुआ। इस परिणाम से उपस्थित किसानों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मौजूद किसानों ने माना कि P3532 मक्का वास्तव में किसानों के लिए बेहतर उपज की नई संभावना लेकर आया है। किसान चौपाल में पायोनियर कंपनी के एसपीडीजी बंटी सिंह तथा एमडीआर तपन झा ने भी किसानों को संबोधित करते हुए कंपनी के बीजों की विशेषताओं पर प्रकाश डाला और आधुनिक खेती के प्रति जागरूक किया।
मौके पर किसान कदम लाल मेहता, वार्ड सदस्य पिंकू मेहता, रामनारायण मेहता समेत दर्जनों किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। किसानों ने P3532 मक्का की बेहतर पैदावार पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे खेती के लिए लाभकारी बताया।