परोरा पंचायत में सहयोग शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, प्रभारी सचिव ने सुनी जनसमस्याएं


केनगर (पूर्णिया)। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत परोरा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर में बिहार सरकार के लघु जल संसाधन विभाग के सचिव सह पूर्णिया जिला प्रभारी सचिव बी. कार्तिकेय धनजी ने पहुंचकर आमजनों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और युवा शामिल हुए। लोगों ने भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सेवा समेत विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे। कई ग्रामीणों ने वृद्धावस्था पेंशन में देरी, राशन वितरण में अनियमितता और आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई।

शिविर के दौरान सचिव बी. कार्तिकेय धनजी ने कहा कि बिहार सरकार गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित कर आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर केवल योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जनता और प्रशासन के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने का एक प्रभावी मंच भी है। सरकार की मंशा है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।

मौके पर अमरेंद्र कुमार सिन्हा, प्रखंड विकास पदाधिकारी आशीष कुमार, अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार, थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी, आपूर्ति पदाधिकारी आतिश सिंह, राजस्व अधिकारी भवेश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

सहयोग शिविर के सफल आयोजन को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासनिक पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि शिविर में उठाई गई समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने