घर से महज 500 मीटर दूर सड़क हादसे में भाजपा नेता की मौत, तीन महिलाओं समेत चार घायल


केनगर (पूर्णिया), 19 जून। केनगर थाना क्षेत्र के काझा कोठी और काझा चौक के बीच आरा मिल के समीप गुरुवार की शाम हुए भीषण सड़क हादसे में भाजपा जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार उर्फ लक्ष्मण राम (41 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में तीन महिलाओं समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज पूर्णिया जीएमसीएच में चल रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मण राम गुरुवार की शाम पूर्णिया से टेंपो पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ उनके जुड़वा भाई राम भी थे। काझा कोठी मोड़ के पास उनके भाई टेंपो से उतर गए, जबकि लक्ष्मण कान दर्द की दवा लेने के लिए उसी टेंपो से काझा चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान काझा चौक के समीप आरा मिल के पास मक्का लदे एक अनियंत्रित महिंद्रा ट्रैक्टर ने सामने से आ रहे टेंपो और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लक्ष्मण राम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार एवं टेंपो में मौजूद अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेजा गया।

पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा शव, मचा कोहराम

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैसे ही लक्ष्मण राम का पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचा, परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया और बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उनके घर पहुंचे।

परिजनों ने बताया कि लक्ष्मण राम अपने पिता के तीसरे पुत्र थे और पिछले लगभग 25 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। वर्तमान में वे भाजपा जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत थे और सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे।

भाजपा नेताओं ने जताया शोक

लक्ष्मण राम के निधन पर भाजपा मंडल अध्यक्ष आदर्श कुमार गोलू, प्रखंड महामंत्री ओम प्रकाश मंडल, बैजनाथ भारती, मुखिया संघ प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार साह सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।

साथ ही नेताओं ने राज्य सरकार से मृतक के परिजनों को अविलंब सरकारी मुआवजा एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

ट्रैक्टर जब्त, चालक हिरासत में

घटना की पुष्टि करते हुए केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि हादसे में शामिल मक्का लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। घायल चालक का उपचार कराने के बाद उसे पुलिस हिरासत में लिया गया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज पूर्णिया जीएमसीएच में चल रहा है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने