पूर्णिया-सहरसा एनएच--231 पर सोमवार को राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग, बिहार सरकार के सदस्य तल्लू वास्की के काफिले में शामिल दो वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना केनगर थाना क्षेत्र के परोरा बेलघट्टी चौक स्थित श्यामा धर्मकांटा के समीप सुबह करीब 10:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, एनएच किनारे मक्के से लदे ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित था।
इसी दौरान एक बाइक चालक अचानक काफिले के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में काफिले में चल रही स्कॉर्ट बोलेरो और सफारी वाहन आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में घायल बाइक चालक की पहचान परोरा पंचायत के मिल्की टोला निवासी लीला शर्मा के 18 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार के रूप में हुई है।
दुर्घटना में उसका पैर टूट गया और उसे गंभीर हालत में जीएमसीएच पूर्णिया में भर्ती कराया गया है। आयोग सदस्य राजू कुमार ने बताया कि बाइक सवार अचानक काफिले के सामने आ गया था, जिसे बचाने के दौरान यह दुर्घटना हुई। सूचना पर पहुंची केनगर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया।
Tags
न्यूज़