केनगर, पूर्णिया: केनगर प्रखंड क्षेत्र के सतकोदरिया पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-1 निवासी एवं पंचायत के सम्मानित बुजुर्ग श्री सीताराम सिंह का लगभग 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। ग्राम पंचायत सतकोदरिया के सरपंच सह सरपंच संघ के जिला अध्यक्ष अजाउर रहमान उर्फ पप्पू भाई ने श्री सीताराम सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सीताराम सिंह उनके अभिभावक समान थे और जीवन के विभिन्न अवसरों पर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते रहे। समाज और पंचायत के प्रति उनकी गहरी समझ तथा सामाजिक व्यवस्था में उनकी मजबूत पकड़ थी। उन्होंने कहा कि श्री सिंह ने अपने जीवनकाल में सामाजिक समरसता, भाईचारे और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जब भी समाज के सामने कोई चुनौती या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती थी, वे हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर लोगों को एकजुट रखने का कार्य करते थे। उनके अनुभव, बुद्धिमत्ता और समाज सेवा के कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। स्वर्गीय सीताराम सिंह अपने पीछे दो पुत्र अशोक कुमार एवं सुनील कुमार तथा दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवारजनों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लोगों में शोक व्याप्त है। सरपंच अजाउर रहमान उर्फ पप्पू भाई ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। इस अवसर पर पंकज कुमार, दयानंद मेहता, अनिल मेहता, जामुन मेहता, भोला मेहता, गंगा मेहता सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
Tags
न्यूज़