चकला में एक दिवसीय नाईट क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ, जिला सरपंच संघ अध्यक्ष ने किया उद्घाटन


केनगर, पूर्णिया। केनगर प्रखंड क्षेत्र के गोआसी पंचायत अंतर्गत चकला गांव स्थित ईदगाह मैदान में रविवार को पीसीसी चकला नाईट क्रिकेट टूर्नामेंट (शॉर्ट बाउंड्री मैच) का भव्य शुभारंभ किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन सतकोदरिया पंचायत के सरपंच सह जिला सरपंच संघ अध्यक्ष अजाउर रहमान उर्फ पप्पू ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अजाउर रहमान उर्फ पप्पू भाई ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलता है। 
उन्होंने कहा कि आज के युवा क्रिकेट के माध्यम से अपने भविष्य को संवार रहे हैं और खेल न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि यह शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। आयोजन समिति के अध्यक्ष नोरेज ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। सभी मुकाबले 6-6 ओवर के प्रारूप में खेले जा रहे हैं, जिससे मैच रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 8 हजार रुपये नकद पुरस्कार तथा उपविजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 5 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार रविवार की रात्रि 9 बजे से मैचों का सिलसिला शुरू हुआ। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले भी देर रात आयोजित किए जाने हैं। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उद्घाटन समारोह एवं मैच के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मो. रब्बानी, मो. असरार, मो. फारूक, मो. मोफीज, मो. मुबारक, मो. उमर, मो. अफजल सहित सैकड़ों दर्शक मौजूद थे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे थे।
स्थानीय खेल प्रेमियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से नई प्रतिभाओं को मंच मिलता है तथा युवाओं में खेल भावना और अनुशासन का विकास होता है। टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने