केनगर/चम्पानगर। चम्पानगर थाना क्षेत्र के सिंधिया पंचायत के वार्ड संख्या-12 स्थित डम्हैली आदिवासी टोला में भू-विवाद को लेकर हुई महिला की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित जीजा और बड़ी बहन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मृतका के पति ने इस घटना को सुनियोजित हत्या बताते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार बीते गुरुवार को 40 वर्षीय चुरकी देवी की उसके सगे जीजा द्वारा बांस के टुकड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतका के पति श्याम लाल सोरेन ने चम्पानगर थाना में कांड संख्या 84/2026 दर्ज कराते हुए अपने बड़े साढ़ू बिटका सोरेन, पिता स्वर्गीय नारायण सोरेन तथा उनकी पत्नी बिटिमय देवी को नामजद अभियुक्त बनाया है।
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि भूमि विवाद को लेकर हुए विवाद के दौरान दोनों आरोपितों ने मिलकर चुरकी देवी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित बिटका सोरेन एवं उसकी पत्नी बिटिमय देवी को घटना स्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इधर घटना के दूसरे दिन भी मृतका के घर पर मातम पसरा रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूर्व मुखिया गंगा राम टुडू ने बताया कि यह बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि मृतका के पति श्याम लाल सोरेन अपनी पत्नी की मौत के गहरे सदमे में हैं और बार-बार बेसुध हो जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि परिवार की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है।
घटना के बाद डम्हैली आदिवासी टोला समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक और भय का माहौल है। ग्रामीण इस जघन्य घटना से स्तब्ध हैं तथा आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।