होटल का फर्जी वायरल वीडियो मामले में फेसबुक आईडी संचालक गिरफ्तार



केनगर (पूर्णिया)। केनगर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो वायरल करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फेसबुक आईडी संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र के मेहीनगर वार्ड संख्या-7 निवासी ज्ञानी साह के पुत्र मनीष कुमार उर्फ मनीष आर्य के रूप में हुई है।

केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने बताया कि बीते 14 जून को केनगर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर चौक स्थित एक होटल में कुछ लोगों द्वारा भोजन किया गया था। भोजन करने के बाद जब होटल संचालक ने उनसे पैसे की मांग की, तो आरोपितों ने होटल संचालक पर गलत मांस खिलाने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद होटल संचालक और उसके पुत्र के साथ मारपीट की गई तथा घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार वायरल किया गया वीडियो भ्रामक एवं तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करने वाला पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि वीडियो को मनीष कुमार उर्फ मनीष आर्य के फेसबुक आईडी से वायरल किया गया था।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में केनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के आधार पर फेसबुक आईडी संचालक मनीष कुमार उर्फ मनीष आर्य सहित तीन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी घटना से संबंधित भ्रामक, अपुष्ट अथवा फर्जी वीडियो एवं सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने