केनगर, पूर्णिया। केनगर प्रखंड क्षेत्र एवं नगर पंचायत चम्पानगर में मुहर्रम का जुलूस रविवार को पूरी श्रद्धा, परंपरा और आपसी भाईचारे के माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने भाग लिया और पारंपरिक लाठी-तलवार के करतबों का प्रदर्शन करते हुए हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद किया। पूरे आयोजन के दौरान लोगों ने अनुशासन एवं सांप्रदायिक सौहार्द का परिचय दिया।
प्रखंड प्रशासन, अंचल प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के कारण पूरे क्षेत्र में कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। हालांकि नगर पंचायत चम्पानगर के वार्ड संख्या-13 स्थित मस्जिद टोला निवासी मो. इसराफिल एवं मो. इस्लाम आपसी लाठी टकराव के दौरान सिर में चोट लगने से घायल हो गए।
घटना उस समय हुई जब मुहर्रम का जुलूस दुर्गा मंदिर के समीप से रामनगर होते हुए नया आदर्श थाना चम्पानगर की ओर बढ़ रहा था। दोनों घायलों को तत्काल मौके पर मौजूद चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से जीएमसीएच पूर्णिया भेजा गया।इस बार मुहर्रम के अवसर पर थाना परिसर में पहली बार एंबुलेंस एवं चिकित्सक की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे घायल होने की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी।
मुहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केनगर थाना क्षेत्र में दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी आशीष कुमार एवं थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहे। वहीं चम्पानगर थाना क्षेत्र में दंडाधिकारी के रूप में अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर जयप्रकाश सिंह, थानाध्यक्ष अनुपम राज तथा अपर थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर राय सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
पूरे जुलूस मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने लगातार संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया, जिससे पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही। देर शाम सभी मुहर्रम जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न हो गए।
इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग भी जुलूस में शामिल होकर आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश देते नजर आए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की बेहतर तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की।