केनगर, पूर्णिया। केनगर प्रखंड क्षेत्र के बिठनोली पूरब पंचायत अंतर्गत सबूतर गांव स्थित मदरसा हयातुल उलूम एवं मदरसा गौसिया रिजविया (मगरिबी टोल) में योमे आशूरा के अवसर पर विशेष नमाज अदा की गई। बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने नमाज में शामिल होकर हजरत इमाम हसन और हजरत इमाम हुसैन की शहादत को श्रद्धापूर्वक याद किया तथा उनके बताए हुए सत्य, इंसानियत और कुर्बानी के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
मदरसा हयातुल उलूम में नमाज की इमामत हाफिज मोहम्मद नोमान रजा ने की, जबकि मदरसा गौसिया रिजविया में मौलाना हसनैन रजा ने नमाज अदा कराई। नमाज के दौरान उलेमाओं ने करबला की घटना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हजरत इमाम हसन और हजरत इमाम हुसैन का जीवन सत्य, न्याय, सब्र और इंसानियत की मिसाल है। उन्होंने लोगों से उनके बताए हुए मार्ग पर चलने तथा समाज में अमन, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।उपस्थित लोगों ने बताया कि योमे आशूरा पर अदा की जाने वाली अस्र की नमाज हजरत इमाम हसन और हजरत इमाम हुसैन की शहादत के बाद उनके बताए हुए रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती है। इस अवसर पर युवाओं द्वारा राहगीरों के लिए रूह अफजा शरबत की विशेष व्यवस्था की गई। भीषण गर्मी के बीच दर्जनों राहगीरों को शरबत पिलाकर सेवा और मानवता का संदेश दिया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में मोहम्मद शाहिल उर्फ बबलू, मोहम्मद ओबेद, मोहम्मद असगर, मोहम्मद अखलाक, मोहम्मद सरवर, मोहम्मद सफीक सहित दर्जनों युवाओं ने सक्रिय सहयोग किया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था, अनुशासन और भाईचारे का माहौल बना रहा।
Tags
न्यूज़