पूर्णिया। मानवाधिकार सुरक्षा संगठन ने संगठन के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए श्रीनगर प्रखंड के गढ़िया बलुआ पंचायत के मुखिया सुनील कुमार पासवान को प्रदेश महासचिव मनोनीत किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवा जी सिंह राठौर ने उन्हें यह जिम्मेदारी प्रदान करते हुए संगठन को मजबूत करने और मानवाधिकारों के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने की अपेक्षा जताई है।
प्रदेश महासचिव मनोनीत होने पर सुनील कुमार पासवान ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि मानवाधिकारों की रक्षा और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना संगठन की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में जिले सहित पूरे प्रदेश में मानवाधिकार सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बैठक, संगोष्ठी और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को उनके संवैधानिक एवं मानवाधिकारों की जानकारी दी जाएगी।सुनील कुमार पासवान की नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन प्रदेश में और अधिक सक्रिय होकर मानवाधिकार संरक्षण एवं जनहित के कार्यों को गति देगा।