केनगर पुलिस की कार्रवाई: 14 लीटर देशी शराब के साथ एक महिला समेत तीन गिरफ्तार

केनगर (पूर्णिया)। केनगर थाना पुलिस ने सोमवार की देर शाम शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन लोगों को कुल 14 लीटर देशी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की संध्या करीब 8 बजे केनगर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुलिस द्वारा शराब तस्करी एवं अवैध बिक्री के विरुद्ध छापेमारी की गई। इस दौरान अलीनगर वार्ड संख्या-09 निवासी बैसाखी ऋषि के पुत्र रंजीत ऋषि को 5 लीटर देशी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

वहीं, गोकुलपुर वार्ड संख्या-11 निवासी श्यामराम ऋषिदेव के पुत्र मुन्ना ऋषि को 2 लीटर देशी चुलाई शराब के साथ पुलिस ने पकड़ा। इसके अलावा काझा कोठी वार्ड संख्या-14 से प्रमोद ऋषि की पत्नी अनिता देवी को 7 लीटर देशी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के पास से बरामद कुल शराब की मात्रा 14 लीटर है। सभी को गिरफ्तार करने के बाद थाना लाकर आवश्यक पूछताछ एवं कागजी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

केनगर पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार और शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने