केनगर (पूर्णिया)। केनगर प्रखंड में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके थे कि अब सरकारी विद्यालय भी उनके निशाने पर आ गए थे। हालांकि केनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही दिनों के भीतर दो अलग-अलग सरकारी विद्यालयों में हुई चोरी की घटनाओं का सफल उद्भेदन कर दिया। पुलिस ने चोरी गए सभी वाद्य यंत्र, मिड-डे मील का चावल एवं गैस सिलेंडर बरामद कर लिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार चोरों ने सिलसिलेवार तरीके से सरकारी विद्यालयों को अपना निशाना बनाया था। पहली घटना 24 जुलाई की है, जब काझा पंचायत के वार्ड संख्या-13 स्थित शिफ्टेड प्राथमिक विद्यालय, काझा मुसहरी में अज्ञात चोरों ने विद्यालय में घुसकर सभी वाद्य यंत्रों की चोरी कर ली थी। इस घटना से विद्यालय प्रबंधन एवं ग्रामीणों में काफी आक्रोश था। घटना की खबर प्रमुखता से दैनिक भास्कर में भी प्रकाशित हुई थी।
इसके ठीक छह दिन बाद, 30 जुलाई को चोरों ने एक बार फिर दुस्साहस का परिचय देते हुए मध्य विद्यालय, काझा को निशाना बनाया। यहां से मिड-डे मील योजना के लिए रखा चावल तथा गैस सिलेंडर चोरी कर लिया गया। लगातार दूसरी घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे थे।
विद्यालयों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए केनगर थाना पुलिस ने विशेष जांच शुरू की। 2 अगस्त को तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना एवं स्थानीय स्तर पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने एवं छिपाने वाले कई ठिकानों पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान गणेशपुर आलमनगर वार्ड संख्या-13 निवासी मोहम्मद शहाबुद्दीन (पिता- मोहम्मद बद्री) तथा काझा बनिया पट्टी वार्ड संख्या-5 निवासी राजेश पासवान (पिता- विशुन देव उर्फ टिम्हू पासवान) को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा एक नाबालिग को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सभी वाद्य यंत्र, चावल के बोरे एवं गैस सिलेंडर अलग-अलग स्थानों से बरामद कर लिए।
केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि विद्यालयों में हुई चोरी की घटनाओं को पुलिस ने अत्यंत गंभीरता से लिया था। वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मामले का सफल उद्भेदन किया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि अन्य संभावित संलिप्त लोगों से पूछताछ जारी है। उन्होंने बताया कि चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है। जल्द ही इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। लगातार दो विद्यालयों में हुई चोरी से दहशत का माहौल बन गया था, लेकिन त्वरित कार्रवाई और चोरी गए सामान की बरामदगी से लोगों ने केनगर पुलिस की सराहना की है।