केनगर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने किया विरोध, कार्य रोकने की दी चेतावनी

केनगर (पूर्णिया)। केनगर प्रखंड क्षेत्र के बिठनोली पूर्व पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-13 स्थित बसहा मुस्लिम टोला में निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य में मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो वे कार्य को रोकने के लिए बाध्य होंगे।।

ग्रामीण मनोज झा ने बताया कि केनगर चौक से सबूतर जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित बसहा काली मंदिर के समीप से बसहा मुस्लिम टोला तक सड़क का निर्माण पिछले एक सप्ताह से कराया जा रहा है। यह सड़क मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष) के तहत PMGSY रोड केनगर से मुस्लिम टोला तक लगभग 275 मीटर लंबाई में बनाई जा रही है। इस परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 28 लाख रुपये है, जबकि अगले पांच वर्षों के रखरखाव के लिए 1 लाख 30 हजार रुपये की राशि भी निर्धारित की गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क के दोनों किनारों पर पिछले छह दिनों से मिट्टी भराई का कार्य किया गया है। रविवार से ईंट सोलिंग के ऊपर जीएसबी (रविश) बिछाने का कार्य शुरू किया गया, लेकिन इसमें लगभग 50 प्रतिशत मिट्टी मिलाकर सड़क पर डाला जा रहा है। उनका कहना है कि इस प्रकार की सामग्री का उपयोग किए जाने से सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होगी और सड़क अधिक दिनों तक टिकाऊ नहीं रह पाएगी। इसी को लेकर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य का विरोध किया।

वहीं, निर्माण कार्य करा रहे चंदन कुमार सिंह कंस्ट्रक्शन के प्रबंधक रंजीत कुमार ने ग्रामीणों के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि निर्माण कार्य विभागीय एस्टीमेट के अनुसार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण में 80 प्रतिशत जीएसबी एवं 20 प्रतिशत बालू का उपयोग किया जा रहा है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं बरती जा रही है।

हालांकि, ग्रामीण कंपनी के इस स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं हुए। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में विभागीय मानकों के अनुरूप सुधार नहीं किया गया तो वे सड़क निर्माण कार्य को रुकवाने के लिए आंदोलन करेंगे। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से स्थल पर पहुंचकर निर्माण सामग्री एवं कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान मो. नईम, संजीत कुमार, मो. समशेर, मो. गयासुद्दीन, मो. समसाद, मो. इब्राहिम, मो. सज्जाद, मो. फिरोज सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने