केनगर (पूर्णिया)। केनगर थाना क्षेत्र के गणेशपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-3 बैरगछी गांव में 22 वर्षीय एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही केनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया। घटना को लेकर मृतका के मायके पक्ष ने पति पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतका के पिता मोहम्मद अकीम तथा उनके चचेरे भाई मोहम्मद मोईन, निवासी श्रीनगर कोऑपरेटिव, बलवा गांव, वार्ड संख्या-9 ने बताया कि करीब साढ़े चार वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी बेटी की शादी बैरगछी गांव निवासी मोहम्मद अबरार के साथ पूरे रीति-रिवाज एवं धूमधाम से की थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद उनका दामाद नशे का आदी हो गया।
परिजनों का आरोप है कि नशे की हालत में वह अक्सर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था और मायके से रुपये लाने का दबाव बनाता था। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वे हर बार उसकी मांग पूरी नहीं कर पाते थे, जिसके बाद वह उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। इस मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया था।
मृतका के परिजनों ने आगे आरोप लगाया कि कुछ वर्ष पूर्व पति ने उनकी बेटी के नाम पर समूह (ग्रुप) से ऋण भी दिलवा दिया था। ऋण की साप्ताहिक किस्त जमा नहीं होने के कारण उनकी बेटी मानसिक तनाव में रहने लगी थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के दौरान पति ने उनकी बेटी का गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही केनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। फिलहाल मृतका के परिजनों से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।