केनगर में जनता दरबार: 24 मामलों की हुई सुनवाई, 12 मामलों का मौके पर निष्पादन


केनगर (पूर्णिया)। भू-विवाद एवं अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर शनिवार, 8 अगस्त 2026 को केनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित सद्भावना सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में केनगर, चम्पानगर एवं मरंगा थाना क्षेत्र से जुड़े फरियादियों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं भूमि विवाद से संबंधित मामले अधिकारियों के समक्ष रखे।

जनता दरबार की अध्यक्षता अंचलाधिकारी अजीत कुमार झा एवं राजस्व अधिकारी भवेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान संबंधित पक्षकारों की मौजूदगी में विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई तथा दोनों पक्षों की बात सुनकर विवादों के समाधान का प्रयास किया गया।

राजस्व अधिकारी भवेश कुमार सिंह ने बताया कि जनता दरबार में कुल 24 मामलों की सुनवाई की गई, जिसमें 12 मामलों का निष्पादन कर दिया गया। वहीं, शेष मामलों की सुनवाई एवं निष्पादन आगामी आयोजित होने वाले जनता दरबार में किया जाएगा।

फैसले के बाद विवाद करने पर होगी कार्रवाई

जनता दरबार में मौजूद संबंधित थाना क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारियों ने दोनों पक्षकारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में लिए गए निर्णय के बाद कोई भी पक्ष किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न नहीं करेगा। अधिकारियों ने कहा कि निर्णय के बावजूद यदि किसी पक्ष द्वारा शांति भंग करने या विवाद उत्पन्न करने का प्रयास किया जाता है तो मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले पक्षकार के विरुद्ध एकपक्षीय कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जनता दरबार के दौरान अंचल कार्यालय के कई कर्मी भी विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं फरियादियों की सहायता के लिए ड्यूटी पर मुस्तैद रहे।

अधिकारियों ने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य भूमि विवाद समेत स्थानीय स्तर की समस्याओं का आपसी सुनवाई और प्रशासनिक स्तर पर समाधान कर लोगों को राहत दिलाना है। अधिकारियों ने पक्षकारों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने